सूरजपुर; जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोट चंदरपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पति-पत्नी और मासूम बच्चे की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ठंड से बचने के लिए घर के कमरे में कोयला जलाकर सोए परिवार की नींद ही उनकी आखिरी बन गई।

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय कवल सिंह, उनकी पत्नी 25 वर्षीय कुंती और उनके 4 वर्षीय मासूम बेटे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने जिस कमरे में कोयला जलाया था, वहां न तो कोई खिड़की थी और न ही रोशनदान। कमरे में ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस भर जाने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।सुबह जब परिजनों ने दरवाजा नहीं खुलते देखा तो शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो तीनों बेहोशी की हालत में मिले। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि यह हादसा दम घुटने से हुई मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, हर पहलू से जांच की जा रही है। गांव में इस घटना से मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *