सूरजपुर: सूरजपुर जिले के लटोरी तहसील अंतर्गत ग्राम सुंदरगंज (बथानपारा) में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस वक्त हिंसक हो गई, जब दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते लाठी-डंडों और पथराव में बदल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अमले की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया, जिससे जेसीबी मशीन और पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार 18 फरवरी 2026 को खसरा नंबर 35, 255 और 552 की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए एसडीएम सूरजपुर, राजस्व और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई थी। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत सुंदरगंज के सरपंच और ग्राम समिति के सहयोग से की जा रही थी।

इस कार्रवाई के दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों ने सरपंच व ग्राम समिति के सदस्यों से झूमा-झटकी शुरू कर दी और जेसीबी पर पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर जेसीबी को हटाया जा रहा था, इसी बीच पत्थर पास में खड़े पुलिस वाहन पर भी जा लगे, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद व मारपीट में चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।घटना के बाद शासकीय कार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान और मारपीट के आरोपों में चौकी लटोरी, थाना जयनगर में अपराध क्रमांक 50/26 दर्ज किया गया है। लटोरी तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार पैंकरा की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 324(3), 221 एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत 18 आरोपियों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *