सूरजपुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत बरपटिया प्राथमिक शाला के प्रधानपाठक विफल राम पैकरा को जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस वायरल वीडियो के बाद की गई, जिसमें प्रधानपाठक शराब के नशे में एस.आई.आर. ड्यूटी के दौरान स्कूल परिसर में मौजूद दिखे थे और कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आए थे।
दरअसल यह मामला 8 फरवरी 2026 का बताया जा रहा है, जब वे मतदान केंद्र क्रमांक 174 (प्राथमिक शाला भवन, बरपटिया) में एस.आई.आर. कार्य के दौरान नशे की हालत में पहुंचे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रतापपुर द्वारा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।जांच में आरोप सही पाए जाने तथा स्पष्टीकरण असंतोषजनक होने पर जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 के उल्लंघन का प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए विफल राम पैकरा को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से निलंबित करने का आदेश जारी किया।निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा कार्यालय प्रेमनगर नियत किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।