अंबिकापुर। नव विवाहिता को दहेज के लिए मारपीट कर पति ने उसे जबरन जहर खिला दिया। अंबिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल में उपचार के दौरान आज सुबह नवविवाहिता की मौत हो गई तो पति ने स्वयं भी जहर सेवन कर लिया। परिजनों द्वारा दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए अपना बयान दंडाधिकारी के समक्ष दर्ज कराया है। जहर सेवन करने वाले पति की हालत नाजुक बताई गई है, जिसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


मामला बलरामपुर जिले के राजपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमदरी का है। धौरपुर अंतर्गत ग्राम अमड़ी निवास प्रीति यादव (19) का विवाह ग्राम ग्राम अमदरी निवासी बालसूरत यादव के साथ 2 मई 2023 को सामाजिक रीति रिवाज के साथ हुआ था। प्रीति यादव के मामा प्रकाश यादव ने बताया कि शादी के लगभग दो माह बाद ही पति बालसूरत द्वारा दहेज की मांग करते हुए प्रीति के साथ मारपीट की जाती थी। प्रीति ने मायके पहुंचकर अपने मामा प्रकाश एवं अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने रामसूरत से मिलकर उसे समझाइश दी। समझाइश के बाद बालसूरत ने मारपीट नहीं करने को लेकर आश्वासन दिया। इसके बाद प्रीति को ससुराल भेज दिया गया।


प्रकाश यादव ने बताया कि प्रीति के परिवारजनों को फिर से रामसूरत द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी गई थी। 14 सितंबर की शाम को प्रकाश यादव अपनी भांजी प्रीति के ससुराल पहुंचे तो प्रीति के हाथ पैर और चेहरे में चोट के निशान के साथ गले में नाखून लगने का निशान था। प्रीति ने अपने मामा को बताया कि उसके साथ दहेज की मांग करते हुए पति बालसूरत के द्वारा मार-पीट कर उसे जबरन उसे जहर खिलाया गया है। इसके बाद परिजन प्रीति को लेकर अंबिकापुर के महावीर हास्पीटल पहुंचे।


मेडिकल कालेज अस्पताल में हुई मौत-


परिजनों ने बताया कि निजी अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को प्रीति यादव की हालत बिगड़ गई तो महावीर अस्पताल प्रबंधन ने उसे मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया। आज रविवार सुबह उपचार के दौरान प्रीति यादव की मौत हो गई। नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने दंडाधिकारी के समक्ष परिजनों का बयान दर्ज किया। दंडाधिकारी की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मणीपुर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


पति ने भी खा लिया जहर, गंभीर-


मामले में प्रीति यादव के ससुर कामेश्वर यादव ने बताया कि घर में होने वाले लड़ाई झगड़े के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल उसका बालसूरत ने आज सुबह ही जहर सेवन कर लिया है। उसका उपचार शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत भी चिकित्सकों ने गंभीर बताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *