मानसून के करीब आते ही अब मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। रविवार को राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। इसी बीच, मौसम विभाग ने सोमवार के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिनमें डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल, खंडवा, और बड़वानी शामिल हैं। इन जिलों में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश हो सकती है।

इसके अलावा, मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। ये जिले हैं सागर, कटनी, जबलपुर, पन्ना, उमरिया, रायसेन, सीहोर, भोपाल, अनूपपुर, और रायसेन। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है और कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।

आपको बता दें कि मानसून केरल, कर्नाटक, और आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है। मानसून की मौजूदा रफ्तार को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार मानसून 12 जून तक मध्य प्रदेश में दस्तक दे सकता है, जबकि मौसम विभाग ने यहां मानसून आने की संभावित तारीख 16 जून बताई है। अगर 12 जून को मानसून प्रवेश करता है, तो पिछले पांच वर्षों में यह तीसरी बार होगा कि मानसून तय तारीख से पहले आ जाएगा। अनुमान जताया जा रहा है कि 10 जून तक मानसून दक्षिणी छत्तीसगढ़ में पहुंच सकता है, जिसके बाद यह मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगा। ऐसे में प्रदेश में 12 जून तक मानसून के पहुंचने की पूरी संभावना दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *