जशपुर: जशपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन “आघात” के तहत डेढ़ करोड़ रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक ट्रक सहित आरोपी चालक को हिरासत में लिया है। इस मामले में अब तक दो ट्रक और कुल 14027 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। 

कैसे हुआ खुलासा?

दरअसल, दो दिन पहले जशपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब से बिहार और झारखंड के रास्ते भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी हो रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोरो घाट के पास एक 12 चक्का ट्रक (PB 11CP2003) को पकड़ा, जिसमें 7015 लीटर शराब छुपाकर रखी गई थी। इस दौरान पुलिस ने ट्रक चालक श्रवण सिंह (निवासी पंजाब) को गिरफ्तार किया।  पूछताछ और आरोपी के मोबाइल डाटा खंगालने के बाद पुलिस को इस गिरोह के बारे में अहम सुराग मिले। जांच के दौरान पता चला कि एक और ट्रक अवैध शराब लेकर मध्य प्रदेश के अनूपपुर में मौजूद है। इसके बाद जशपुर पुलिस की टीम साइबर सेल की मदद से वहां पहुंची और ट्रक (UP 14DT 7849) को जब्त कर लिया।

शराब तस्करी का अनोखा तरीका

गिरफ्तार आरोपी बलविंदर उर्फ गोलू (25 वर्ष, निवासी पटियाला, पंजाब) ने पूछताछ में बताया कि तस्करी के लिए एक खास पैटर्न अपनाया जाता था। तस्करों की टीम पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से शराब लोड कर ट्रक चालकों को सौंप देती थी, जिन्हें झारखंड और बिहार में तय जगहों तक ट्रक पहुंचाने का निर्देश दिया जाता था। वहां से दूसरी टीम शराब उतारकर ट्रक को खाली कर वापस लौटा देती थी, जिससे मुख्य तस्कर पकड़ में न आएं। 

जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  शशि मोहन सिंह ने कहा कि तस्करों के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए आगे की जांच जारी है। जल्द ही इस मामले के मुख्य सरगना तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। साथ ही, इस सफलता के लिए पुलिस टीम को नगद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। 

जांच में यह भी पता चला कि तस्करों द्वारा कम टोल प्लाजा और कम चेकिंग वाले ग्रामीण मार्गों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इससे बचने के लिए पुलिस अब इन रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाने जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *