सूरजपुर: सूरजपुर जिले के साधुराम सेवाकुंज में सर्व कुशवाहा समाज का प्रदेश स्तरीय भव्य सम्मेलन आयोजित किया गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े और प्रेमनगर विधायक  भुलन सिंह मरावी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के पदाधिकारी सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कुशवाहा समाज को सनातन संस्कृति से जुड़ा, धार्मिक और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने वाला समाज बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को संगठित करते हैं, सामाजिक एकता को मजबूत बनाते हैं और शिक्षा व संस्कार के क्षेत्र में नई दिशा देते हैं। उन्होंने कुशवाहा समाज के भवन निर्माण हेतु 12 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

वहीं, विधायक भुलन सिंह मरावी ने समाज के भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की राशि की घोषणा करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की असली ताकत उसकी सामाजिक एकता में होती है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि समाज आपसी समन्वय बनाकर एक-दूसरे से सीखते हुए आगे बढ़े।

इस अवसर पर समाज की ओर से नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर विचार विमर्श किया गया। समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया और नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में समाज के अध्यक्षों ने नशा मुक्ति अभियान चलाने की घोषणा भी की।

कुशवाहा समाज के इस प्रदेशव्यापी सम्मेलन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि संगठित समाज ही सशक्त समाज होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *