अंबिकापुर/सूरजपुर: सूरजपुर जिले के तारा चौकी अंतर्गत जनार्दनपुर जंगल में शनिवार को युवती की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। घटनास्थल अदानी के साल्ही रेलवे ट्रेक से कुछ दूरी पर है। अधजली लाश मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फारेंसिंक टीम के साथ डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रथम दृष्टया युवती की मौके पर ही हत्या कर शव को जलाया गया है।



मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को जनार्दनपुर में रेलवे ट्रेक से कुछ दूरी पर आज जंगल गए लोगों ने युवती का अधजला शव देखा और सूचना पुलिस को दी। सूचना पर प्रेमनगर एसडीओपी नरेंद्र पुजारी, प्रशिक्षु डीएसपी स्निग्धा, टीआई नरेंद्र सिंह एवं तारा चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर अंबिकापुर से फारेंसिक एक्सपर्ट कुलदीप कुजुर एवं डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके पर पहुंच जांच की।

मौके पर संघर्ष के निशान, कल शाम की घटना
फॉरेंसिक एक्सपर्ट कुलदीप कुजुर ने बताया कि घटनास्थल पर संघर्ष के निशान मिले हैं। इससे अनुमान है कि युवती ने बचने के लिए संघर्ष किया है। अनुमान के मुताबिक हत्या कल शाम की गई है। घटनास्थल रेलवे ट्रेक के पास है, जहां सामान्य तौर पर ट्रेक की जांच करने वाले भी आते हैं, इसलिए ज्यादा समय तक बाडी किसी की नजर में न आए, इसकी संभावना कम है।

युवती की शिनाख्त नहीं
मृत युवती की उम्र करीब 20 से 25 साल होने का अनुमान है। युवती ने सलवार शूट पहन रखा था। युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। सूरजपुर एएसपी ने बताया कि सूरजपुर, सरगुजा जिले सहित सभी पुलिस थानों को युवती का शव मिलने की जानकारी दे दी गई है। उन्हें गुमशुदगी की सूचना होने पर जानकारी देने कहा गया है। युवती के शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *