अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद ट्रांसपोर्टर पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला 28 मार्च की रात का है, जब शिवधारी कॉलोनी चौक पर दो कारों की टक्कर के बाद आरोपियों ने ट्रांसपोर्टर संजय सिंह को गाड़ी से खींचकर बुरी तरह पीटा। 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वसीम कुरैशी, मोनू कुरैशी, अनुराग राजवाड़े और आयुष दास ने संजय सिंह को घेरकर लात-घूंसों और लाठी से पीटा। मारपीट के दौरान आरोपी अनुराग राजवाड़े ने अपने हाथ में पहने कड़े से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।  पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुराग राजवाड़े को रायपुर भागने की कोशिश में बिलासपुर-रायपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।  पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल कड़ा भी बरामद कर लिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस जल्द ही सभी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। 

इस पूरी कार्रवाई में विशेष पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल, पुलिस आगे की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *