जशपुर: अवैध रूप से तंबाखू व गुटखा के परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई सामने आई है। जशपुर पुलिस के प्रतिवेदन पर जीएसटी विभाग ने ट्रक मालिक राशिद खान से 29 लाख 96 हजार 480 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना वसूल किया है। यह कार्यवाही ऑपरेशन “आघात”के तहत की गई है।

गौरतलब है कि 4 अगस्त 2025 को थाना लोदाम पुलिस ने नेशनल हाईवे 43 पर मंडी बैरियर के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक लाल रंग का कंटेनर ट्रक (क्रमांक HR55AJ4755) पकड़ा था। मुखबिर की सूचना पर रोके गए इस ट्रक को जब पुलिस ने जांचा तो चालक राशिद खान (उम्र 40 वर्ष, निवासी फिरोजपुर, हरियाणा) ने बताया कि वह रायपुर से बोकारो (झारखंड) डिटर्जेंट पाउडर लेकर जा रहा है। उसने पुलिस को डिटर्जेंट परिवहन की एक रसीद भी प्रस्तुत की थी।लेकिन संदेह होने पर जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 100 बोरी विमल गुटखा और 20 बोरी अवैध तंबाकू उत्पाद बरामद हुए। चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने तत्काल माल सहित ट्रक को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत अंजाम दिया गया और मामले का प्रतिवेदन जीएसटी विभाग को भेजा गया।जीएसटी विभाग ने जांच उपरांत अवैध गुटखा-तंबाकू परिवहन में गड़बड़ी पाए जाने पर ट्रक मालिक/चालक राशिद खान के विरुद्ध 29 लाख 96 हजार 480 रुपये का जुर्माना भरवाया।
इस कार्रवाई में थाना लोदाम प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, एएसआई सहबीर भगत, आरक्षक महेश्वर यादव व आरक्षक हेमंत कुजूर की अहम भूमिका रही।