• जंगल में भालू के शावक का शिकार करने वाले 2 आरोपियों को वन विभाग की टीम ने किया गिरफ्तार

 

कांकेर: कांकेर जिले के दुधावा क्षेत्र के जंगल में भालू के शावक का शिकार करने वाले 2 आरोपियों को वन विभाग की टीम ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से भालू के शावक का शव बरामद किया गया है। मामला नरहरपुर थाना अंतर्गत दुधावा चौकी इलाके का है।

 

आरोपियों ने तीर-कमान से भालू के शावक का शिकार किया है। वे उसे जंगल से लेकर निकल रहे थे, तभी ड्यूटी पर तैनात वन विभाग के कर्मचारी की नजर आरोपियों पर पड़ गई, जिसके बाद आरोपी भालू के शावक के शव को छोड़कर भाग निकले, लेकिन वन अमले ने उन्हें पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया।

 

बताया जा रहा है कि रविवार की रात दो ग्रामीण तिजू और तिहा दुधावा क्षेत्र के जंगल में शिकार के लिए गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक मादा भालू अपने 2 शावकों के साथ घूम रही है। उन्होंने इनमें से एक शावक पर तीर-कमान से वार कर दिया। 8 माह के शावक को 4 तीर लगे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।इसके बाद दोनों शिकारी उसके शव को लकड़ी से बांधकर अपने साथ ले जा रहे थे, लेकिन वन विभाग के एक कर्मचारी की नजर उन पर पड़ गई। वनकर्मी को देख दोनों शव को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। दोनों की शिनाख्त धमतरी जिले के कोरमूड गांव के निवासी तीजू और तिहारू के रूप में हुई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर गांव में दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *