गुजरात के राजकोट शहर के कालावड रोड पर स्थित टीआरपी गेम जोन में शनिवार शाम 5:30 बजे भीषण आग लग गई। इस हादसे में 12 बच्चों समेत 24 लोगों की मौत हो गई। अब तक 25 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

मृतकों के शव इतनी बुरी तरह झुलस गए हैं कि उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए डीएनए टेस्ट किया जाएगा। प्रशासन अभी यह नहीं बता पाया है कि आग लगने के वक्त गेम जोन में कितने लोग मौजूद थे। आग पर 3 घंटे में काबू पाया गया।

चश्मदीद यश पटोलिया ने बताया, “हम लोग रेस्टोरेंट में बैठे थे, तभी वहां आग लग गई। आग 30 सेकंड में ही पूरे एरिया में फैल गई थी।” एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि गेम जोन में कई जगह रिपेयरिंग और रेनोवेशन का काम चल रहा था। काफी संख्या में प्लाई के टुकड़े और लकड़ियां भी इधर-उधर फैली हुई थीं, जो आग की चपेट में आ गईं और आग फैलती चली गई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किस वजह से लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *