अंबिकापुर: सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता के आदर्श व्रत को निभाते हुए, रेड क्रॉस सोसाइटी, सरगुजा शाखा ने एक और स्वर्णिम अध्याय रचा। 25 अप्रैल 2025 दिन शुक्रवार को महामहिम राज्यपाल  रमेन डेका के सरगुजा प्रवास के दौरान, सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर अपनी सेवाभावी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी और रेड क्रॉस के सेवा-यज्ञ में किए जा रहे योगदान का परिचय कराया।

प्रतिनिधिमंडल में रेड क्रॉस सोसाइटी सरगुजा शाखा के चेयरमैन आदित्यायेश्वर सिंह देव द्वारा नामित आजीवन सदस्य — डॉ. अर्पण सिंह चौहान एवं आर्यन सिन्हा शामिल रहे। दोनों सदस्यों ने महामहिम को पुष्पगुच्छ, सोल श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर रेड क्रॉस द्वारा संचालित प्रमुख अभियानों—रक्तदान, अंगदान, स्वास्थ्य जागरूकता, आपदा प्रबंधन, और सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई।

राज्यपाल महोदय ने रेड क्रॉस के कार्यों को अत्यंत सराहनीय बताते हुए, सदस्यता वृद्धि के निर्देश दिए ताकि सेवा का यह कारवां और व्यापक हो सके। उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, टीबी उन्मूलन कार्यक्रमों में रेड क्रॉस की सहभागिता को और भी गतिशील बनाने का आह्वान किया। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु मल्टी-पेशेंट एम्बुलेंस सेवा और जिले में 10-बिस्तरीय एंड-ऑफ-लाइफ अस्पताल की स्थापना की आवश्यकता पर विशेष बल दिया, जिससे हर जरूरतमंद तक त्वरित और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं पहुँच सकें।

“रक्तदान महादान, अंगदान जीवनदान” जैसे जनजागरूकता अभियानों के प्रति समाज में फैली नई चेतना को देखते हुए महामहिम ने रेड क्रॉस सरगुजा शाखा की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि अंगदान जैसे पवित्र कार्य में समाज को जागरूक कर जीवनदान का संदेश फैलाना आज की महती आवश्यकता है, और रेड क्रॉस इस दिशा में अनुकरणीय भूमिका निभा रहा है।

रेड क्रॉस सोसाइटी, सरगुजा ने न सिर्फ आपातकालीन सेवाओं में, बल्कि निरंतर स्वास्थ्य और सामाजिक सुधार अभियानों में भी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रत्येक सदस्य सेवा भावना से समर्पित होकर “जहाँ जरूरत, वहाँ रेड क्रॉस” के मूल मंत्र के साथ हर वर्ग, हर क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहा है।

आज जब समाज को संवेदनशीलता, सहयोग और सेवा की आवश्यकता है, रेड क्रॉस सोसाइटी सरगुजा अपने निःस्वार्थ कार्यों से एक आदर्श प्रस्तुत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *