कोरबा: कोरबा में सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पंप कॉलोनी में क्रिसमस के एक दिन पहले युवती की हत्या के मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है। अब तक की जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी घटना को अंजाम देने के लिए गुजरात से यहां पहुंचा था। उसकी तलाश के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।

ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में जैमको कंपनी में काम करने वाले बुधराम पन्ना की बेटी की हत्या उसके घर पर तब कर दी गई थी जब माता पिता काम पर चले गए थे और भाई भी किसी काम से बाहर गया हुआ था। कुछ घंटे बाद लौटने पर उसे घर पर बहन मृत स्थिति में मिली। कोरबा पुलिस ने इस मामले की जांच अलग-अलग स्तर पर शुरू कराई है।

एडिशनल एसपी ने बताया कि धारा 302 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर जांच पड़ताल जारी है। अब तक की जांच में पता चला कि आरोपी गुजरात से यहां पहुंचा था। पुलिस को जो कुछ पता चला है उसमें कहा गया कि पूर्व के वर्षों में युवती मदनपुर के विद्यालय में पढ़ाती थी और बस से आने जाने के दौरान संबंधित युवक से परिचय हुआ था। बाद में किसी वजह से संपर्क टूट गया और फिर यह घटना हुई।

जानकारी के अनुसार पूरे मामले में घटना को अंजाम देने वाले का नाम शहबाज खान बताया जा रहा है जिसके नाम से प्लेन की टिकट और कई कागजात मौके से मिले हैं। जांच के बिंदु तय करने के साथ पुलिस आगे की दिशा में बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *